कर्तव्य निभाते समय मिली मां के निधन की खबर : शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापरी चेतिया की माता विजय चेतिया का निधन : परिजनों की सहमति से किया गया नेत्रदान
मातृमातृ शोक में डूबी एसएसपी पापोरी चेतिया ने मानवता बोध की मिसाल कायम की : नेत्रदान जागरूकता का बड़ा संदेश दिया

शिवसागर, 26 मई : एक भावुक और प्रेरणादायक घटना में शिवसागर जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया की माता विजया चेतिया का निधन हो गया। निधन के बाद परिवार की सहमति से उनके नेत्र दान की प्रक्रिया संपन्न हुई। जिससे दो जरूरतमंद लोगों को नई रोशनी मिलने की उम्मीद जगी है।
मिली जानकारी के अनुसार 70 वर्षीय विजया चेतिया लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। कुछ दिन स्थानीय प्रगति नर्सिंग होम में इलाज के बाद स्वस्थ होने पर बीते बुधवार को ही उन्हें शिवसागर एसएसपी के सरकारी निवास लगा गया था।
परंतु नियति को कुछ और ही मंजूर था। मंगलवार सुबह उस समय दुखद घटना घटी जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया एक प्रेस वार्ता को संबोधित करने के लिए अपने कार्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान उनके सरकारी आवास पर उनकी माता ने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। इसके बावजूद मानवता और समाज सेवा का परिचय देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की सहमति से उनकी दिवंगत माता का नेत्रदान कराया गया। सूचना मिलने पर जोरहाट के जोरहाट स्थित चंद्रप्रभा आई हॉस्पिटल की जेउती आई बैंक की टीम शिवसागर पहुंची और स्वर्गीय विजया चेतिया की आंखों की कॉर्निया सुरक्षित रूप से संग्रहित की।
इस मानवीय पहल की समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। नेत्रदान प्रक्रिया संपन्न करवाने में मारवाड़ी सम्मेलन शिवसागर शाखा के नेत्रदान प्रकल्प प्रमुख दीपक खेमका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दीपक खेमका ने कहा कि एसएसपी पापोरी चेतिया की मां के निधन होने की इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही हमने उनसे संपर्क कर नेत्रदान करवाने का अनुरोध किया था। जिसे उन्होंने स्वीकार किया अब इससे दो दृष्टिहीन लोगों को दुनिया देखने का मौका मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि विजया चेतिया का पैतृक घर शिवसागर जिले के बेतबाड़ी बोकाबिल गांव में स्थित है। उनके निधन की खबर से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
फिलहाल उनका पार्थिव शरीर उनकी बेटी असम पुलिस सेवा की सुदक्ष अधिकारी तथा शिवसागर जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया के सरकारी आवास में रखा गया है।
परिवार के अनुसार पापोरी चेतिया के बड़े भाई के ऑस्ट्रेलिया से शिवसागर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उनका अंतिम संस्कार शिवसागर के थाना घाट स्थित शांतिवन मुक्तिद्वार श्मशान घाट में किया जाएगा।
आज स्थानीय पत्रकारों, शीर्ष पुलिस अधिकारियों सहित अनेकों संगठनों और वरिष्ठ नागरिकों ने एसएसपी आवास पर पहुंच कर स्वर्गीय विजया चेतिया की दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस घटना ने एक ओर जहां परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है, वहीं दूसरी ओर नेत्रदान के माध्यम से समाज को मानवता और सेवा का एक प्रेरणादायक संदेश भी दिया है।
समाज के उच्च शिक्षित, उच्च पदस्थ और जागरूक नागरिकों की पहल आम जनता में नेत्रदान जैसे मानव सेवा कार्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का काम करती है। अपनी ममतामयी के निधन से गहरे शोक में डूबी शिवसागर जिले की एसएसपी पापोरी चेतिया ने तत्काल निर्णय लेते हुए अपनी दिवंगत माँ के नेत्रदान प्रक्रिया संपन्न करवा कर ऐसा ही बड़ा संदेश दिया है।




