पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन की सराहनीय पहल : गुवाहाटी में होगा नारी शक्ति का महासंगम : पहली बार आयोजित होगा भव्य द्विदिवसीय “तेजस्विता” अधिवेशन
8-9 अगस्त 2026 को नारी सशक्तिकरण पर विशेष कार्यक्रम, 250 से 300 महिलाओं के उत्साहपूर्ण सहभागिता की संभावना

गुवाहाटी, 7 मई : महिलाओं के सशक्तिकरण और समग्र विकास को समर्पित एक अनुपम आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के तत्वावधान में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा के आतिथ्य में पहली बार द्विदिवसीय “तेजस्विता” अधिवेशन का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आगामी 8 एवं 9 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को गुवाहाटी के छत्रीबाड़ी स्थित आसाम माहेश्वरी भवन में आयोजित होने वाले इस द्विदिवसीय आयोजन को लेकर सम्मेलन कार्यकर्ताओं विशेषकर गुवाहाटी महिला शाखा की सदस्याओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
उच्चस्तरीय बैठक में बनी अधिवेशन की रूपरेखा, प्रांत ने दिया पूर्ण सहयोग का भरोसा
गुवाहाटी महिला शाखा द्वारा 5 मई 2026 को छत्रीबाड़ी स्थित परशुराम सेवा सदन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय पदाधिकारियों सहित गुवाहाटी की विभिन्न शाखाओं के शीर्ष पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में अधिवेशन की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ कार्यकर्ता सहयोग, आर्थिक सहयोग और व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा हुई। प्रांतीय स्तर से इस ऐतिहासिक महिला अधिवेशन के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट को साधुवाद, भवन निशुल्क उपलब्ध
बैठक में आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट द्वारा अधिवेशन के लिए माहेश्वरी भवन निशुल्क उपलब्ध कराए जाने पर संस्था के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
अधिवेशन के आकर्षण का केंद्र: मोटिवेशनल स्पीकर्स, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मायड़ कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह
अधिवेशन में देश भर से प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकरों को आमंत्रित किया जाएगा। कंपनी जड़ों से जुड़े रहें’ के संकल्प के साथ कार्यक्रम में मारवाड़ी रीति-रिवाजों पर आधारित एक विशेष पुस्तक का विमोचन होगा। साथ ही भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, मायड़ भाषा में महिला कवयित्रियों का कवि सम्मेलन तथा वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध महिलाओं का सम्मान प्रमुख आकर्षण होगा।
22 महिला शाखाओं से 250-300 महिलाएं होंगी शामिल, पूर्व पंजीकरण अनिवार्य
“तेजस्विता” अधिवेशन में मारवाड़ी सम्मेलन के पूर्वोत्तर प्रांत की 22 महिला शाखाओं एवं मिश्रित सदस्यता वाली अन्य शाखाओं से लगभग 250 से 300 महिलाओं के भाग लेने का अनुमान है। सभी व्यवस्थाएं पूर्व पंजीकरण के आधार पर ही सुनिश्चित की जाएंगी।
प्रतिनिधियों को खास तोहफा : किट और मेखला-चादर
सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा द्वारा सभी प्रतिनिधियों को किट अपने सौजन्य से उपलब्ध करवाने की घोषणा की गई। जबकि कामरूप शाखा, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा, गुवाहाटी मेट्रो शाखा एवं मेजबान गुवाहाटी महिला शाखा द्वारा सांस्कृतिक समन्वय की मिशाल कायम करते हुए सभी आगंतुक प्रतिनिधियों को असमिया संस्कृति के अनुरूप महिलाओं की पारंपरिक पोशाक “मेखला-चादर” भेंट करने की घोषणा की गई है।
गुवाहाटी महिला शाखा को मिला अपना कार्यालय, प्रांत से मिली 1 लाख की अनुदान राशि
बैठक में गुवाहाटी महिला शाखा की अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा ने खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि गुवाहाटी के आठगांव स्थित वृंदावन मार्केट में शाखा के स्वयं के कार्यालय हेतु अग्रिम राशि जमा कर दी गई है। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा महिला शाखा को अपना स्वयं का स्थाई कार्यालय लेने पर अपने पूर्व घोषित आश्वासन के अनुरूप गुवाहाटी महिला शाखा को 1,00,000/- (एक लाख रुपये) की अनुदान राशि प्रदान करने का आश्वासन दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गुवाहाटी की ही कामरूप शाखा को अपना कार्यालय लेने के लिए पूर्वोत्तर प्रांतीय इकाई द्वारा सहयोग करते हुए अनुदान राशि प्रदान की गई थी।
प्रमुख पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, प्रांतीय संयोजक प्रदीप भुवालका, प्रांतीय संयोजक-नारी सशक्तिकरण एवं गुवाहाटी महिला शाखा अध्यक्ष श्रीमती संतोष शर्मा, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं महिला शाखा सलाहकार श्रीमती सरला काबरा, श्रीमती सरोज मित्तल, गुवाहाटी शाखाध्यक्ष शंकर बिड़ला, गुवाहाटी ग्रेटर शाखाध्यक्ष दीपक पोद्दार, गुवाहाटी मेट्रो शाखाध्यक्ष अमित कंसल, सचिव नवीन हरलालका, कामरूप शाखा के सहायक मंत्री विनोद शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुरेश अग्रवाल, गुवाहाटी महिला शाखा सचिव श्रीमती मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष श्रीमती शांति कुंडलिया एवं श्रीमती रश्मि जैन की गरिमामयी उपस्थित रही।
सकारात्मक सोच के साथ अधिवेशन के विभिन्न कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं पर गठनमूलक चर्चा में भाग लेते हुए सभी पदाधिकारियों ने पूर्वोत्तर की महिलाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा देने वाले ऐतिहासिक “तेजस्विता” अधिवेशन को यादगार बनाने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि मारवाड़ी नारी सशक्तिकरण की यात्रा घरेलू सीमाओं से शुरू होकर शिक्षा, आर्थिक स्वतंत्रता और नेतृत्व तक पहुंची है। समाज के प्रगतिशील सुधारकों की विरासत और आधुनिक प्रतीकों ने इसे प्रेरणा दी। यह मारवाड़ी समुदाय की प्रगति का महत्वपूर्ण अंग बन चुका है, जो परंपरा का सम्मान करते हुए आधुनिकता को अपनाने का उदाहरण है। समय के साथ कदम मिलाकर आगे बढ़ रही मारवाड़ी समाज की महिलाओं का इतिहास निरंतर विकसित हो रहा है और भविष्य में और अधिक सशक्त मारवाड़ी महिलाएं देश-समाज का नेतृत्व करेंगी यह निश्चित है। पूर्वोत्तर प्रांत की महिलाओं की प्रगति की राह में “तेजस्विता” अधिवेशन मील का पत्थर साबित होगा।
यह जानकारी मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी महिला शाखा की सचिव श्रीमती मंजू भंसाली द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।




