Welcome to NE NEWS 24X7   Click to listen highlighted text! Welcome to NE NEWS 24X7
GUWAHATIhttps://nenews24x7.com/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifSIVASAGARटॉप न्यूज़राजनीतिराज्यलोकल न्यूज़शिवसागर

कांग्रेस को बड़ा झटका: असम प्रदेश कांग्रेस सचिव तथा वरिष्ठ प्रवक्ता मनोरंजन बोरगोहांई ने दिया इस्तीफा : गौरव गोगोई के नेतृत्व और कार्यशैली पर तीखा हमला बोला

33 साल पार्टी की निष्ठापूर्ण सेवा के बाद गौरव गोगोई के कामकाज से बेहद नाराज : सार्वजनिक रूप से की तीखी आलोचना

शिवसागर 7 मई : असम विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद कांग्रेस में बड़ा भूचाल आ गया है। प्रदेश कांग्रेस सचिव तथा पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता मनोरंजन बोरगोहांई ने आज पार्टी के सभी पदों के साथ ही कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया।

शिवसागर के रंगपुर ज्योति क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मनोरंजन बोरगोहांई ने मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के नेतृत्व और कार्यशैली पर तीखा हमला बोला और इस्तीफे का कारण बताया।

प्रेस कांफ्रेंस में मनोरंजन बरगोहांई ने पार्टी नेतृत्व को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मैं पिछले 33 वर्षों से कांग्रेस में हूं। इस दौरान पार्टी ने मुझे जो भी जिम्मेदारी दी थी मैंने उसे पूरी निष्ठा से निभाया। परंतु मैं वर्तमान में असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई की मनमर्जी और तानाशाही के रवैए से बेहद तंग आ चुका हूं। मैं क्षुब्ध हूं। कांग्रेस पार्टी अब पागलपन और बन्दर-बाज़ी में बदल चुकी है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय तरुण गोगोई का नाम उल्लेख करते हुए कहा कि तरुण गोगोई साहब के जाने के बाद असम कांग्रेस पूरी तरह अनुशासनहीन हो गई है। मनोरंजन बरगोहांई ने विधानसभा चुनाव के टिकट बंटवारे में चाटुकारिता को प्रश्रय देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस में अब योग्य व्यक्ति को कोई स्थान नहीं मिलता। केवल शीर्ष नेतृत्व की चाटुकारिता और खुशामद करने वालों को ही टिकट मिलता है।

उन्होंने विगत पंचायत चुनाव की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि पंचायत चुनाव के दौरान प्रद्युत बरदलोई पर सामूहिक जानलेवा हमला हुआ था। उस हमले के पीछे कांग्रेस के विधायक डॉ. आसिफ नजर थे। प्रद्युत बरदलोई के शिकायत करने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने किसी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया।

बरगोहांई ने कहा कि गौरव गोगोई को असम से परिचय कराने वाला मैं ही था। जब गौरव गोगोई विदेश से असम आए थे। तब मैंने ही पूरे ऊपरी असम में उन्हें साथ लेकर उनकी पहचान बनाई थी। उन्होंने कहा कि जोरहाट सीट से लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद गौरव गोगोई ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। कार्यकर्ता के बीमार होने, दुर्घटना होने या परिवार में मौत होने पर भी गौरव गोगोई एक फोन या संदेश तक नहीं देते।

सांसद के रूप में गौरव गोगोई पर अपने गृह क्षेत्र के प्रति उदासीनता का आरोप लगाते हुए मनोरंजन बरगोहांई ने कहा कि जोरहाट लोकसभा क्षेत्र में किसी भी दिन उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष या जिला आयुक्त के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर कोई बैठक नहीं की। विभिन्न कार्यक्रमों और संस्थाओं के निमंत्रण पर भी कहीं नहीं गए।

उन्होंने गौरव गोगोई पर कार्यकर्ताओं के साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब कार्यकर्ता या जनता से मिलने-बात करने को कहा जाता है तो वे टाल जाते हैं।

कांग्रेस महासचिव तथा असम प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए मनोरंजन बरगोहांई ने कहा कि जितेंद्र सिंह जैसे मूर्ख और फालतू प्रभारी मैंने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में योग्यता का कोई मोल नहीं रहा। चापलूसी और खुशामद ही एकमात्र योग्यता बन गई है। कांग्रेस का भविष्य पूरी तरह अंधकारमय है।

मनोरंजन बोरगोहांई के इस्तीफे ने असम कांग्रेस में नया संकट खड़ा कर दिया है। खासकर गौरव गोगोई के नेतृत्व के खिलाफ यह खुली बगावत पार्टी के अंदरूनी कलह को और उजागर करती है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस आलाकमान इस बड़े इस्तीफे पर क्या रुख अपनाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!